October 27, 2026


संतोष अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में रासेयो शिविर का शुभारंभ सचिन बघेल रहे अध्यक्ष

नशा मुक्त भारत के लिए युवा’ थीम पर सात दिवसीय शिविर शुरू, 2 नवंबर को होगा समापन

राजनांदगांव। शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ मंगलवार, 27 अक्टूबर को जीई रोड स्थित सत्यानंद योग आश्रम में हुआ। ‘नशा मुक्त भारत के लिए युवा’ थीम पर आयोजित शिविर में राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष संतोष अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल कार्यक्रम के अध्यक्ष रहे।

कार्यक्रम में राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष रमेश पटेल, समाजसेवी सुरेंद्र सिंह बग्गा, आश्रम की अध्यक्ष मिरानी जी और स्वामी जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संतोष अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ती है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

अध्यक्षता कर रहे सचिन बघेल ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। नशामुक्त समाज बनाने के लिए युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करना होगा।

युवाओं में सेवा भावना विकसित करना जरूरी : रवि सिन्हा

महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराने का प्रभावी माध्यम है। नशामुक्त भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर समाज को भी जागरूक करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के उद्देश्यों को जीवन में अपनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सात दिवसीय शिविर में नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों और समाजसेवियों के मार्गदर्शन में बौद्धिक परिचर्चाएं, योगाभ्यास एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एसआर कन्नौजे, जनभागीदारी समिति के सदस्य नमिता जैन, राजेश यादव, पंकज कुंजारेकर, आशीष सूरे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. एसआर कन्नौजे ने किया। शिविर का समापन 2 नवंबर को होगा।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch