November 08, 2026


खेतों में बिछ गई धान की फसल 40 प्रतिशत तक नुकसान

कृषि विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट में 314 गांवों में फसल प्रभावित, डोंगरगांव विकासखंड में सबसे अधिक क्षति

राजनांदगांव : बेमौसम वर्षा और तेज हवा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में बिछ गई है। कृषि विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जिले के 314 गांवों में फसल प्रभावित हुई है। इनमें 40 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सबसे अधिक क्षति डोंगरगांव विकासखंड में हुई है। दूसरी ओर, पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व विभाग का फसल क्षति सर्वे प्रभावित है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को हुई वर्षा और तेज हवा से जिले में धान की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। डोंगरगांव विकासखंड के 45 गांवों में 55 प्रतिशत तक धान की फसल प्रभावित हुई है। डोंगरगढ़, छुरिया और राजनांदगांव विकासखंडों में भी फसल को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेज हवा और वर्षा के कारण धान की फसल खेतों में गिर गई है।

जिले में खरीफ सीजन के दौरान 64,433 हेक्टेयर में धान की फसल लगाई गई है। इसमें से 25,626 हेक्टेयर की फसल 40 प्रतिशत तक नुकसान की श्रेणी में बताई गई है। डोंगरगढ़ विकासखंड में सबसे अधिक 50 प्रतिशत धान प्रभावित होने का अनुमान है। यहां 27 हजार 971 हेक्टेयर में बोई गई धान की फसल में से 14 हजार 78 हेक्टेयर की फसल प्रभावित बताई गई है। इधर, फसल नुकसान का वास्तविक आकलन राजस्व विभाग के सर्वे के बाद ही हो सकेगा। जिले सहित प्रदेशभर में 13 अक्टूबर से पटवारियों की हड़ताल जारी रहने से सर्वे कार्य प्रभावित है। राजस्व विभाग के सर्वे के आधार पर ही मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch