June 05, 2026


महंगाई खाद डीजल संकट को लेकर बेलगांव में कांग्रेस का धरना

किसानों को पर्याप्त खाद और डीजल उपलब्ध कराने की मांग, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

डोंगरगढ़ :- ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, खाद-डीजल की कमी एवं किसानों की समस्याओं को लेकर ग्राम बेलगांव में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को कम करने की मांग करते हुए कहा कि महंगाई से किसान, आम जनता और परिवहन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी में कमी कर लोगों को राहत दे। साथ ही किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा सहकारी समितियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को एक बार में जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें बार-बार समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें। बोनी और जुताई के समय कृषि कार्य के लिए डीजल की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा पेट्रोल पंपों में किसानों के लिए अलग कोटा तय करने की भी मांग उठाई गई।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीति पर काम कर रही है। किसानों को प्रति एकड़ केवल एक बोरी खाद दी जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार समितियों तक जाना पड़ रहा है और परिवहन खर्च बढ़ रहा है। खेती के लिए डीजल लेने किसानों को ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप तक जाना पड़ता है, जिससे परेशानी और बढ़ रही है।

ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंचराम चंदेल ने कहा कि मोदी सरकार की गारंटी और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की कार्यशैली पर अब जनता सवाल उठा रही है। किसान की आय दोगुनी होने के बजाय व्यापारियों की आय कई गुना बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकली खाद और दवाइयों की कालाबाजारी हो रही है। बेलगांव के एक भाजपा समर्थक व्यापारी के गोदाम में 2600 बोरी खाद मिलने के बावजूद समितियों में खाद नहीं मिल रहा है।

धरना प्रदर्शन में सुरेश सिन्हा, दिनेतु जांगड़े, लाल वर्मा, हरक पटेल, छन्नू वर्मा, फतु वर्मा, रामेश्वर कंवर, श्यामसाय टांडेकर, रंजीत भारती, कीर्तन मांडवी, कमल अग्रवाल, संत ज्ञानेश्वर, राजू वर्मा, तिलोक टिकम, बीपक राम, अनिरुद्ध कुमार दुबे, राजकुमार इतवारी, मनोज कुमार, जयकरण साहू, कोपे दास जोशी, राजू कुमार वर्मा, पंच कुमार रतन, सोहन, राजेश कुमार, राम अवतार, प्यारी, पी.पी. दुबे, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch